Cyber Fraud: महज 6 हजार रुपए के लालच में बेचे बैंक खाते, छह राज्यों में फैले साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा; 4 गिरफ्तार…NV News

Share this

NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले की बेरला पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से म्यूल खातों (Mule Accounts) की तस्दीक कर BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि इस ठगी का जाल देश के छह राज्यों तक फैला हुआ था।

महज कुछ हजार रुपयों के लालच में बेचे बैंक खाते

पुलिस विवेचना में यह बात सामने आई कि मुख्य आरोपी अभिषेक दुर्गा ने भिलाई के सुपेला स्थित एक होटल में काम करने के दौरान ग्राम बोरिया (बेरला) के रहने वाले पीयूष टंडन, प्रेमसागर टंडन और तुषार बंजारे से संपर्क किया था।

आरोपियों ने थोड़े से पैसों के लालच में आकर अपने बैंक खाते और एटीएम कार्ड कम दामों में अभिषेक को बेच दिए थे:

पीयूष टंडन ने बैंक ऑफ इंडिया का खाता 6,000 रुपये में बेचा था।

प्रेमसागर टंडन ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का खाता 3,000 रुपये में बेचा था।

तुषार बंजारे ने पीएनबी और बंधन बैंक के खाते 2,500 रुपये में बेचे थे।

इन खातों का उपयोग साइबर ठगों द्वारा अवैध लेनदेन और जनता से ठगी गई रकम को खपाने के लिए किया जा रहा था। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी सघनता से तलाश कर रही है।

Share this

You may have missed