Chhattisgarh Local Body Election 2026: दिसंबर में निकाय-पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, निर्वाचन आयोग ने विभागों से ली जानकारी…NV News

Share this

NV News रायपुर, 08 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगर पालिका और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उपनिर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनावी तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से रिक्त पदों, आरक्षण, परिसीमन और चुनाव के लिए जरूरी मानव संसाधन की उपलब्धता की जानकारी ली।

आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम पहले ही जारी किया जा चुका है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों को चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

पंचायतों में इन पदों पर होगा चुनाव

पंचायत निर्वाचन के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 126 पंच पदों के लिए आम निर्वाचन प्रस्तावित है। इसके अलावा जनपद पंचायत सदस्य के 1 रिक्त पद, सरपंच के 92 रिक्त पदों और पंच के 721 रिक्त पदों के लिए उपनिर्वाचन कराया जाना है।

15 नगरीय निकायों में आम चुनाव प्रस्तावित

नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत नवगठित नगर पंचायत तमनार, जिला रायगढ़ और नगर पंचायत बड़ी करेली, जिला धमतरी के साथ नगरपालिक निगम भिलाई-चरौदा, रिसाली, जामुल और बिरगांव सहित कुल 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन कराया जाना प्रस्तावित है।

इसके साथ ही नगर पंचायत बिलाईगढ़ के अध्यक्ष पद तथा अलग-अलग नगरीय निकायों के 6 वार्ड पार्षद पदों के लिए उपनिर्वाचन भी कराया जाएगा।

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने पर जोर

समीक्षा बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों को समन्वित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू निर्वाचन सुनिश्चित करना है। इसके लिए निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव शिखा राजपूत तिवारी, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सोनमणि बोरा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह, नगरीय प्रशासन सचिव अविनाश चंपावत, संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर और संचालक पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रियंका महोबिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed