Mohla-Manpur Ground Report: योजनाओं से बदली ग्रामीण परिवार की जिंदगी, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने जाना जमीनी असर…NV News

Share this

Mohla-Manpur Ground Report, 7 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने बुधवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनसे लोगों के जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

मंत्री वर्मा ने ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा, जनपद पंचायत मोहला में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के लाभार्थी इन्द्र कुमार पिता मदन लाल के निर्माणाधीन मकान का अवलोकन किया। वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत इस पक्के आवास के लिए परिवार को 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। इसके साथ ही परिवार को 90 दिनों का मनरेगा रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

एक साथ कई योजनाओं का मिला लाभ

लाभार्थी परिवार की हेमेश्वरी ने सरकार की योजनाओं से जीवन में आए बदलाव को साझा करते हुए आभार जताया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से परिवार को सुरक्षित और पक्का मकान मिल रहा है। वहीं, उज्ज्वला योजना के तहत मिले गैस कनेक्शन से रसोई में धुएं से राहत मिली है।

हेमेश्वरी ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत घर में ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से पानी की समस्या काफी कम हुई है। इसके अलावा महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए आर्थिक मजबूती का आधार बनी है। इस राशि का उपयोग परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों और बच्चों की देखभाल में किया जा रहा है।

हितग्राहियों से बातचीत के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मूलमंत्र के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

मंत्री ने कहा कि जब किसी ग्रामीण परिवार को पक्का मकान, महिलाओं को रसोई गैस, घर तक शुद्ध पेयजल और महतारी वंदन योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता मिलती है, तो यह सुशासन और सर्वसमावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को उनका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए सरकार पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लगातार काम कर रही है।

इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share this

You may have missed