Raipur Seva Setu Camp: 105 आवेदन मिले, 19 का मौके पर निराकरण; 81 नागरिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण…NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण सेवा सेतु योजना के तहत रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-50 में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों से कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 19 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष 5 आवेदन नियमानुसार प्रक्रिया में हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में 81 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

शिविर में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

69 हितग्राहियों को दिए गए प्रमाण-पत्र

सेवा सेतु शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र पाए गए 69 हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ये प्रमाण-पत्र रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों और पार्षदों की मौजूदगी में वितरित किए।

शिविर में प्राप्त कुल 105 आवेदनों में से 19 का तत्काल निराकरण किया गया। शेष 5 आवेदन, जिनमें स्वच्छता से संबंधित 1 और खाद्य विभाग से संबंधित 4 आवेदन शामिल हैं, नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया में हैं।

स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की जानकारी

सेवा सेतु शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 81 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं और आवेदनों का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में एमआईसी सदस्य महेंद्र खोडियार और संतोष साहू, जोन-3 अध्यक्ष साधना साहू, जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, पार्षद कैलाश बेहरा, पुष्पा साहू और प्रदीप वर्मा, एल्डरमैन राजू राघवानी और गोपाल सोना, पूर्व पार्षद प्रमोद साहू और रोहित साहू, मंडल अध्यक्ष दलविंदर सिंह बेदी, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष देवदत्त साहू और सामाजिक कार्यकर्ता राम प्रजापति भी उपस्थित रहे।

इसके अलावा नगर निगम अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, जोन-3 कमिश्नर प्रीति सिंह, जोन-2 कमिश्नर संतोष पाण्डेय, जोन-4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, जोन-2, 3 और 4 के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर का संचालन नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में एमआईसी सदस्य संतोष साहू ने आभार व्यक्त किया।

Share this

You may have missed