Raipur Buffalo Smuggling: मालवाहक वाहन में ठूंसकर भरी मिलीं 15 भैंसें, 13 की मौत; चालक मौके से फरार…NV News
Share this
NV News आरंग। रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी से जुड़ा एक मामला सामने आया है। NH-53 के पास उमरिया धान खरीदी केंद्र के नजदीक लावारिस हालत में खड़े एक संदिग्ध मालवाहक वाहन से पुलिस ने 15 भैंसें बरामद कीं। वाहन में क्षमता से अधिक मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। इनमें से 13 भैंसों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो जीवित मिलीं।
संदिग्ध हालत में खड़ा था वाहन
जानकारी के अनुसार, मालवाहक वाहन क्रमांक MP 07 GA 9910 काफी समय से उमरिया धान खरीदी केंद्र के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ा था। वाहन को देखकर स्थानीय ग्रामीणों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की। वाहन के अंदर बड़ी संख्या में भैंसें ठूंसकर भरी मिलीं। जांच के दौरान 13 भैंसें मृत अवस्था में मिलीं, जबकि दो भैंसें जीवित थीं।
दम घुटने और भूख-प्यास से मौत की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वाहन में अत्यधिक संख्या में मवेशियों को भरने के कारण दम घुटने तथा लंबे समय तक भूख-प्यास की स्थिति के चलते भैंसों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की परिस्थितियों और मवेशियों को वाहन में भरकर ले जाने से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।

