Chhattisgarh AI Conclave: स्कूल शिक्षा में AI के उपयोग का बनेगा रोडमैप, ‘लाईका चिन्हारी’ ऐप लॉन्च…NV News
Share this
Chhattisgarh AI Conclave रायपुर, 17 सितंबर 2026। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा समग्र शिक्षा के अंतर्गत राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय AI Conclave का आयोजन किया गया। कॉन्क्लेव का उद्देश्य विद्यालयीन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के समग्र विकास और तकनीक के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना रहा। विभाग के अनुसार, स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में AI के सार्थक उपयोग की दिशा में छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना है।
ड्रॉपआउट बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए ‘लाईका चिन्हारी’ ऐप
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शाला त्यागी बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए विकसित ‘लाईका चिन्हारी’ ऐप का विमोचन किया। यह पहल स्कूल से बाहर हो चुके बच्चों की पहचान और उन्हें दोबारा शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने में मददगार होगी।
मंत्री ने कहा कि कॉन्क्लेव में सामने आए तकनीकी समाधान और विचार शिक्षकों के लिए सहायक संसाधन तैयार करने के साथ विद्यार्थियों के कौशल विकास में भी उपयोगी होंगे।
AI शिक्षक का विकल्प नहीं, बनेगा सहयोगी
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलजीत सिंह ने कहा कि तकनीकी दौर में AI का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय जरूरतों और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर तालमेल से शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि AI शिक्षकों का विकल्प नहीं बल्कि उनके सहयोगी के रूप में काम करेगा।
समग्र शिक्षा की आयुक्त डॉ. किरण कौशल ने कहा कि AI की मदद से स्मार्ट क्लास और ICT लैब का अधिक प्रभावी उपयोग किया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों तक सरल और सुगम तरीके से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने में मदद मिलेगी।
देश-विदेश के तकनीकी विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
AI Conclave में देश और विदेश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों एवं कंपनियों के विशेषज्ञ शामिल हुए। गूगल, वाधवानी एआई, अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट, एडोब, खान एकेडमी, फिजिक्स वाला सहित IIT भिलाई, IIM रायपुर, NIT रायपुर और CHiPS के विशेषज्ञों ने AI और शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रस्तुतियां दीं।
कॉन्क्लेव में शिक्षा के क्षेत्र में AI के व्यावहारिक उपयोग, तकनीकी संसाधनों और नवाचारों पर विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षा व्यवस्था के लिए तैयार होगा व्यापक AI रोडमैप
कार्यक्रम के दौरान सामने आए नवाचारों और तकनीकी समाधानों का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के लिए व्यापक AI रोडमैप तैयार किया जाएगा। यह रोडमैप शिक्षकों के लिए सहायक संसाधन विकसित करने, तकनीक के बेहतर उपयोग और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में आधार तैयार करेगा।

