Ration Crisis: 2 किमी पहाड़ उतरकर राशन लेने पहुंचे ग्रामीण, 3-4 दिन से खाली लौटने का आरोप…NV News

Share this

NV News धरमजयगढ़/रायगढ़। धरमजयगढ़ के पहाड़ी इलाकों में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की परेशानी सामने आई है। ग्राम पंचायत बकालो के नागरतेन्दु और लोटान गांव के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें राशन लेने के लिए करीब 2 किलोमीटर पहाड़ से नीचे उतरकर दुकान तक पहुंचना पड़ता है, लेकिन लगातार कई दिनों से उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, वे पिछले 3-4 दिनों से राशन दुकान के चक्कर लगा रहे हैं। हर बार दुकान पहुंचने पर उन्हें कभी आज तो कभी अगले दिन राशन मिलने की बात कहकर वापस लौटाया जा रहा है। इससे दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बार-बार दुकान पहुंचने के बावजूद नहीं मिला राशन

ग्रामीणों का आरोप है कि राशन लेने के लिए लंबी दूरी तय करने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। पहाड़ी रास्ते से आने-जाने में समय और मेहनत दोनों लगती है। ऐसे में लगातार कई दिनों तक दुकान के चक्कर लगाने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।

व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

दूरस्थ और पहाड़ी इलाकों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की पहुंच और नियमितता को लेकर यह मामला सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों की मांग है कि उन्हें निर्धारित समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें बार-बार पहाड़ से उतरकर दुकान तक आने की मजबूरी न हो।

Share this