Mining Action News: जीपीएम में अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर और 1 हाईवा जब्त

Share this

NV News रायपुर, 12 सितंबर 2026। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में अवैध खनन और खनिजों के परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों से रेत, मिट्टी और गिट्टी से लदे 4 ट्रैक्टर तथा 1 हाईवा जब्त किया है।

सिवनी से रेत के दो ट्रैक्टर जब्त

खनिज विभाग के अनुसार सिवनी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर पकड़े गए। इसके अलावा मजगवां से एक ट्रैक्टर, पड़वनिया से ईंट निर्माण में उपयोग होने वाली मिट्टी के अवैध परिवहन में लगा एक ट्रैक्टर और पकरिया से गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त एक हाईवा जब्त किया गया।
जब्त वाहनों को नियमानुसार सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। दो ट्रैक्टर सिवनी चौकी में, जबकि दो ट्रैक्टर और एक हाईवा अमरपुर पुलिस लाइन में रखे गए हैं। वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर तत्काल जांच
जिले में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग मौके पर जांच और कार्रवाई कर रहे हैं। खनिज विभाग ने भी शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर अवैध खनिज परिवहन की जांच की और कार्रवाई की।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच, समयबद्ध कार्रवाई और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत खनिज विभाग द्वारा शिकायतों पर मौके पर कार्रवाई की जा रही है।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग शिकायतों की जांच के साथ ऐसे मामलों की निगरानी भी करेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई का उद्देश्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाना और शासन को होने वाली राजस्व क्षति को नियंत्रित करना है।

Share this