Town Planning News: भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों को आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब युवा टाउन प्लानर्स के कंधों पर – मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय….NV News

Share this

NV News रायपुर, 9 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र सौंपे। राज्य गठन के बाद पहली बार विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच इन युवा अधिकारियों पर भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों को सुनियोजित आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 अधिकारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ गठन के बाद 25 वर्षों में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी। अब एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति से विभाग को पर्याप्त मानव संसाधन और प्रोफेशनल क्षमता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि गांवों से शहरों की ओर आबादी बढ़ने के साथ नगरों की सीमाओं का विस्तार हो रहा है। प्रमुख सड़कों और शहरों के आसपास नई बसाहटें विकसित हो रही हैं। ऐसे में आवासीय क्षेत्रों, बाजारों, सड़कों, सार्वजनिक स्थानों, परिवहन, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए दीर्घकालीन एवं वैज्ञानिक योजना जरूरी है।

टाउन प्लानिंग का सीधा संबंध नागरिकों की जिंदगी से

मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शा बनाने या भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता और शहरों के भविष्य से है। अच्छी योजना शहरों को व्यवस्थित रखने के साथ भविष्य में होने वाले अनियोजित विस्तार और उससे जुड़ी समस्याओं को रोकने में मदद करती है।

उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिसमें नागरिकों को अपने छोटे से छोटे काम के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

विकसित छत्तीसगढ़ के लिए विजन 2047 पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने भविष्य के विकास की दिशा तय करने के लिए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाओं, युवाओं के लिए अवसर और समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाने वाला छत्तीसगढ़ बनाना है। इसके लिए शासन-प्रशासन के साथ युवाओं और आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है।

ढाई साल में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक और शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। बिजली विभाग में भी 1200 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं हैं। औद्योगिक विकास नीति, रोजगार मेले, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

O.P. चौधरी ने पारदर्शी कार्यशैली अपनाने की कही बात

वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री O.P. चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सुनियोजित शहरीकरण बेहद जरूरी है। एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से नगर तथा ग्राम निवेश विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी और आधुनिक टाउन प्लानिंग को गति मिलेगी।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि उनकी नियुक्ति जिस निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया से हुई है, उसी पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली का आधार बनाएं। नक्शा स्वीकृति सहित अन्य कार्यों के लिए कार्यालय आने वाले नागरिकों को सरल, संवेदनशील और पारदर्शी व्यवस्था का अनुभव होना चाहिए।

नई पीढ़ी के अधिकारियों से विकास को मिलेगी गति

वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।

Share this

You may have missed