Nationalism: कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर फहरा तिरंगा; उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा बोले— बस्तर में समाप्त हुआ नक्सलवाद, जन-मन से दूर हुआ भय…NV News

Share this

NV News रायपुर/बीजापुर, 14 अगस्त 2026 : बस्तर में नक्सलवाद के खात्मे के बाद जन-सामान्य के मन से भय और भ्रम को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से निकली ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ का समापन ऐतिहासिक मोड़ पर हुआ। यात्रा के तीसरे दिन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने बीजापुर से आवापल्ली, गलगम, उसूर, नम्बी और ताड़पाला होते हुए नक्सलवाद का सबसे सुरक्षित गढ़ रहे कर्रेगुट्टा की पहाड़ी पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

मंत्रियों और सांसद ने 3 दिनों के दौरान नारायणपुर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जैसे 5 संवेदनशील जिलों में बाइक से लगभग 600 किमी की यात्रा पूरी की। कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर जवानों के साथ स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या में ध्वजारोहण करने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण दिन है। बस्तर की जनता और जवानों के पराक्रम की जीत हुई है तथा नक्सलवाद के सफाए का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि जवानों के साहस को सम्मानित करते हुए केंद्र सरकार ने राज्य के 141 पुलिस जवानों को विशिष्ठ व सराहनीय सेवा पदक से अलंकृत किया है।

वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने भी संबोधित करते हुए कहा कि जिन इलाकों में कभी दिन में भी आने से लोग डरते थे, आज वहां आजादी के 79 वर्षों बाद पहली बार तिरंगा पूरे सम्मान और शान के साथ लहरा रहा है। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कर्रेगुट्टा पहाड़ी सहित विभिन्न स्थानों पर अमर शहीदों की स्मृति में पौधारोपण किया और शहादत की पवित्र मिट्टी को संग्रहीत किया।

उल्लेखनीय है कि यात्रा के दौरान देर रात उप मुख्यमंत्री और वन मंत्री घोर नक्सल प्रभावित रहे टेकलगुडेम भी पहुंचे, जहां कुख्यात नक्सली हिड़मा के गृह ग्राम पूवर्ती के ग्रामीणों सहित सिलगेर, ताड़मेटला, तर्रेम व जगरगुंडा के निवासियों ने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक महेश गागड़ा, चैतराम अटामी, स्थानीय ग्रामीण और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed