Administrative Directives: पीडब्ल्यूडी सचिव मुकेश बंसल ने ली दुर्ग परिक्षेत्र की समीक्षा बैठक: अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए सख्त निर्देश…NV News

Share this

NV News रायपुर, 13 अगस्त 2026 : लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में दुर्ग परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी संभागों के सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सचिव ने मानसून के दौरान अतिवृष्टि एवं बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, पुलों और पुलियों के सुधार व जीर्णोद्धार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश समाप्त होते ही बीटी पेच रिपेयरिंग का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया जाए, जिसके लिए 31 अगस्त तक निविदा प्रक्रिया पूरी कर 31 सितंबर तक कार्यदायी एजेंसियां तय करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष बल देते हुए सचिव बंसल ने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के 3 महीने के भीतर ठेकेदारों के सभी देयकों (जीएसटी, रॉयल्टी व अंतिम भुगतान) का निपटारा कर और प्रमाण पत्र प्राप्त कर पीडब्ल्यूडी-आईएमएस (PWD-IMS) पोर्टल में प्रकरणों को अनिवार्य रूप से क्लोज किया जाए। इसके अतिरिक्त, आयोजनों एवं कार्यक्रमों से संबंधित बिलों का भुगतान एक माह के भीतर करने का समय तय किया गया है। प्रशासनिक कसावट के तहत उन्होंने एक ही टेबल या पद पर 3 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक नई पदस्थापना सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

बैठक में सचिव ने भू-अर्जन की प्रक्रिया आपसी सहमति से 3 महीने में पूर्ण कर तत्काल नामांतरण कराने, अनुकंपा नियुक्ति व लंबित पेंशन मामलों का निपटारा 30 सितंबर तक करने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन व सीपीग्राम्स (CPGRAMS) में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के प्रदर्शन के आकलन हेतु प्रमुख अभियंता को निर्देश दिए गए कि अधिकारियों के वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन (ACR) में उनके द्वारा समय-सीमा में पूरे किए गए कार्यों की मार्किंग जोड़ी जाए। बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत और विद्युत एवं यांत्रिकी के मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम सहित दुर्ग मंडल के सभी कार्यपालन अभियंता उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed