Anti-Encroachment Drive: मालवीय रोड पर ‘टीम प्रहरी’ का शिकंजा: सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों से वसूला 55 हजार रुपये का ई-चालान…NV News
Share this
NV News रायपुर, 12 अगस्त 2026 : राजधानी रायपुर में आमजनों और राहगीरों को यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने और सड़कों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नगर निगम जोन 4 अंतर्गत प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मालवीय रोड मुख्य मार्ग में उड़नदस्ता टीम और यातायात पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक अतिक्रमणरोधी अभियान चलाया। इस दौरान मार्ग विभाजक (डिवाइडर) के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों की वीडियोग्राफी करवाई गई और नियम उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से कुल 55,000 रुपये का ई-चालान वसूला गया।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशों पर की गई। कार्रवाई के दौरान नगर निगम अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह और सहायक अभियंता नीतीश झा सहित उड़नदस्ता टीम और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने मालवीय रोड के समस्त दुकानदारों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि वे दुकान की सीमा से बाहर सड़कों और फुटपाथों पर सामान न फैलाएं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में पुनः सड़क मार्ग पर कब्जा किया जाता है, तो यातायात को सुगम बनाने के लिए सामान को जब्त कर लिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदारों की होगी। ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत शहर के प्रमुख बाजारों में की जा रही इस निरंतर कार्रवाई से सड़कों पर आवागमन आसान हो रहा है और आम जनता को जाम की स्थिति से तुरंत राहत मिल रही है।

