वीआईपी रोड पर रफ्तार का कहर: अनियंत्रित कार ने मवेशियों को रौंधा, चार गोवंशों की मौत…NV News
Share this
NV News रायपुर, 12 अगस्त। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बेहद व्यस्त और पॉश इलाके वीआईपी रोड पर बीती देर रात रफ्तार का भीषण कहर देखने को मिला। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे मौजूद बेजुबान मवेशियों को बेरहमी से रौंद दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही चार गोवंशों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद रात के सन्नाटे में इलाके में हड़कंप मच गया और कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और चालक का गाड़ी से नियंत्रण हट जाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। वीआईपी रोड पर आए दिन होने वाली ओवरस्पीडिंग और रेसिंग को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से शिकायत करते रहे हैं, लेकिन देर रात पुलिस गश्त और स्पीड चेकिंग की कमी के चलते ऐसे हादसों पर लगाम नहीं लग पा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक और गौ-सेवक मौके पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन को मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मृत गोवंशों के शवों को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और वीआईपी रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि भागने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके। स्थानीय निवासियों और गौ-सेवकों ने वीआईपी रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाने और रात में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

