Accident News : भूतेश्वर नाथ से लौट रही श्रद्धालुओं की बस का पहिया पुल में धंसा, मौके पर मची अफरा-तफरी, एक राहगीर घायल, यातायात बाधित…NV News

Share this

NV News गरियाबंद/रायपुर, 9 अगस्त। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्थित प्रसिद्ध प्राकृतिक शिवलिंग भूतेश्वर नाथ (मरौदा) के दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस रविवार को बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। घटना भकुर्रा मार्ग स्थित एक पुलिया के पास की है, जहां सामने से आ रहे दूसरे वाहन को रास्ता (साइड) देने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बस का एक पहिया सड़क और पुलिया के किनारे गहरे गड्ढे में धंस गया। अचानक हुए इस हादसे से बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

इस दुर्घटना के दौरान सड़क किनारे पैदल चल रहा एक राहगीर बस की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा घायल व्यक्ति को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं, राहत की बात यह रही कि बस के अनियंत्रित होने के बावजूद वह पलटने से बच गई, जिससे बस में सवार दर्जनों श्रद्धालुओं को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हादसे के बाद भकुर्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात काफी देर तक बाधित रहा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची गरियाबंद पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभाला और क्रेन (हाइड्रा) की मदद से धंसी हुई बस को बाहर निकाला। मार्ग से बस हटने के बाद यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से बहाल कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और संकरे व दुर्घटना संभावित पुल-पुलियों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this

You may have missed