समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ; रायगढ़ में राज्यपाल रमेन डेका ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश….NV News
Share this
NV News रायगढ़ न्यूज़: छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने अपने दो दिवसीय रायगढ़ प्रवास के पहले दिन जिला कलेक्टोरेट में जिला एवं विकासखंड (ब्लॉक) स्तरीय अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण, जैविक कृषि, स्वच्छता, योग, टीबी उन्मूलन, आजीविका और सड़क सुरक्षा सहित 20 से अधिक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को पूरी जवाबदेही व संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी सिद्ध होगा जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी ढंग से पहुंचे।
समीक्षा बैठक के प्रमुख बिंदु व निर्देश:
जल संरक्षण व पौधारोपण: वर्षा जल संचयन (Water Harvesting) और पारंपरिक जल स्रोतों (कुओं व बावड़ियों) के संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के निर्देश दिए। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण पर जोर दिया।
जैविक खेती व फसल विविधीकरण: रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने के लिए जैविक तकनीकों और धान के स्थान पर दलहन-तिलहन फसलों को बढ़ावा देने को कहा।
नालंदा लाइब्रेरी की सराहना: जिले में धरमजयगढ़, तमनार, घरघोड़ा और लैलूंगा जैसे सुदूर क्षेत्रों तक नालंदा लाइब्रेरी का विस्तार करने की पहल को राज्यपाल ने सराहा।
स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा: टीबी उन्मूलन अभियान को तेजी से पूरा करने, विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान, स्कूलों-छात्रावासों में योग शिविर लगाने और महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।
सड़क सुरक्षा व नशामुक्ति: दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य करने, स्कूली समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और नशामुक्ति के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, रायगढ़ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

