Dongargarh Katghora New Rail Line: केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के प्रयासों से डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन को मिली स्वीकृति….NV News
Share this
NV News रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल हुई है। बहुप्रतीक्षित डोंगरगढ़-कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को आखिरकार केंद्र सरकार से औपचारिक स्वीकृति मिल गई है। यह स्वीकृति प्रदेश में बेहतर रेल कनेक्टिविटी, व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को एक नई और अभूतपूर्व गति प्रदान करेगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री व बिलासपुर सांसद तोखन साहू सांसद बनने के बाद से ही लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने विभिन्न मंचों और पत्राचार के माध्यम से इस रेल लाइन को जनहित तथा क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए रेल मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाया था।
इसी कड़ी में नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट की। बैठक में डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन के साथ-साथ बस्तर अंचल की अन्य लंबित और नई रेल परियोजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देगा। इससे प्रदेश के लाखों नागरिकों को सुलभ आवागमन की सुविधा मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद संतोष पांडेय के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।

