Trainee Deputy Collectors Meet Governor: सेवा भाव, संवेदनशीलता और तार्किक निर्णय से निभाएं दायित्व – राज्यपाल रमेन डेका…NV News
Share this
NV News रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से लोकभवन में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों ने सौजन्य मुलाकात की। वर्तमान में ये सभी अधिकारी छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अकादमी के महानिदेशक टी.सी. महावर के नेतृत्व में पहुंचे इन युवा अधिकारियों से चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि आम जनता की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। इस अवसर का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और ईमानदारी से निर्वहन करना प्रत्येक अधिकारी का प्राथमिक दायित्व है।
राज्यपाल रमेन डेका ने अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रशासनिक निर्णयों में मानवीय संवेदनाओं का समावेश होना बेहद आवश्यक है। प्रत्येक कार्य में ‘ह्यूमन टच’ होना चाहिए ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सतत भ्रमण करने, जनता से नियमित संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कार्य संभव हो उसे प्राथमिकता से करें और जो संभव न हो, उसकी पारदर्शी जानकारी संबंधित व्यक्ति को दें ताकि प्रशासन पर जनविश्वास मजबूत हो सके।
प्रशिक्षु अधिकारियों को प्रेरित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि तार्किक सोच, विवेकपूर्ण निष्कर्ष और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लेना ही एक सक्षम अधिकारी की पहचान है। जनता को न्याय दिलाना लोक सेवक का प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे शांत और समृद्ध राज्य में सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। युवा अधिकारियों के कंधों पर सुशासन और जनविश्वास को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी की प्रशिक्षण निदेशक मेनका प्रधान एवं सभी प्रशिक्षु अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

