Chief Minister Vishnu Deo Sai Initiative: स्वस्थ माताएं, स्वस्थ बच्चे और कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए बनेगी समन्वित रणनीति – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय…NV News

Share this

NV News रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन तथा बच्चों के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं, जिसके लिए स्थायी और परिणामोन्मुख सुधार जरूरी हैं।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास विभाग यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से एक समन्वित और साझा कार्ययोजना तैयार करें। इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य राज्य में शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण में तेजी से कमी लाना है। उन्होंने अधिकारियों से एक ऐसी मल्टी-सेक्टोरल प्रणाली बनाने को कहा, जिससे स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिंथिया मैककैफ्रे को शॉल तथा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक ‘नंदी’ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। वहीं, यूनिसेफ प्रतिनिधि ने भारत में संस्था के 75 वर्ष पूर्ण होने पर जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को सौंपा। सिंथिया मैककैफ्रे ने “जय जोहार” के साथ अपना अभिवादन व्यक्त करते हुए कहा कि यूनिसेफ लंबे समय से राज्य में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहा है और आगे भी सरकार के साथ मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

Share this

You may have missed