विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है शिक्षा: CM विष्णुदेव साय ने शाला प्रवेशोत्सव में बच्चों का किया स्वागत, दुर्ग को मिली 4 बड़ी सौगातें…NV News
Share this
NV News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में राज्य स्तरीय ‘शाला प्रवेशोत्सव 2026-27’ का भव्य शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय में पहली बार कदम रखने वाले नन्हे बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं है, बल्कि यह संस्कारी समाज और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। इस दौरान उन्होंने कक्षा पहली, छठवीं और नवमीं के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, गणवेश और स्कूल बैग बांटे, साथ ही नवमीं की छात्राओं को साइकिलें भी प्रदान कीं।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री साय ने दुर्ग जिले के लिए शिक्षा और खेल अधोसंरचना से जुड़ी चार बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने शिक्षा विभाग के लिए एक आधुनिक कम्पोजिट कार्यालय भवन बनाने, दुर्ग शहर में सर्वसुविधायुक्त आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए फुटबॉल मैदान सह एथलेटिक्स ट्रैक बनाने का ऐलान किया। इसके अलावा, नीट (NEET) और जेईई (JEE) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए 100-100 सीटर सुविधा वाले दो अलग-अलग छात्रावास बनाने की भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय साधन सह प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया और विद्यालय की खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में कटहल, सिंदूरी और मौलश्री के पौधे रोपे। अंत में मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों के साथ ‘न्योता भोज’ में बैठकर भोजन किया और उनके भविष्य के सपनों के बारे में चर्चा की।

