नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: लाइसेंस फीस न भरने पर 14 दुकानें सील, टीम प्रहरी अभियान के तहत निगम मुख्यालय के सामने एक्शन…NV News
Share this
NV News Raipur:;छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नगर निगम प्रशासन ने बकाया राशि की वसूली को लेकर एक बड़ी कार्रवाई की है। ‘टीम प्रहरी अभियान’ के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश पर यह एक्शन लिया गया। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार, नगर निगम मुख्यालय भवन (महात्मा गांधी सदन) के ठीक सामने स्थित उद्यान परिसर की 14 दुकानों को सीलबंद कर दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई उपायुक्त उद्यान जागृति साहू के मार्गदर्शन और उप अभियंता उद्यान रूचिका मिश्रा की मौजूदगी में नगर निवेश उड़नदस्ता और यातायात पुलिस बल के सहयोग से पूरी की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, निगम मुख्यालय के सामने स्थित इस उद्यान परिसर में ‘गणपति इंफ्रा’ एजेंसी को 5 वर्षों के लिए इन 14 दुकानों के संचालन का लाइसेंस दिया गया था। इस लाइसेंस की समय-सीमा इसी वर्ष अगस्त 2026 में समाप्त होने वाली है। संबंधित एजेंसी द्वारा लंबे समय से इन दुकानों का संचालन तो किया जा रहा था, लेकिन नियमानुसार तय की गई नगर निगम की लाइसेंस फीस का भुगतान नहीं किया जा रहा था। बकाया राशि जमा न करने के चलते कई बार चेतावनी भी दी गई थी।
जब एजेंसी द्वारा बकाया राशि की अदायगी नहीं की गई, तो नगर निगम उद्यान विभाग ने कड़ा रुख अपनाया। नगर निवेश उड़नदस्ता और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर सभी 14 दुकानों को नियमानुसार सील कर दिया गया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि राजस्व और फीस की वसूली को लेकर आने वाले दिनों में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि बकायादारों से निगम के कोष की राशि वसूली जा सके।

