Chhatisgarh Temple Theft: कांकेर, धमतरी और जगदलपुर के मंदिरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, बिना CCTV वाले देवस्थानों को बनाता था निशाना…NV News

Share this

NV News कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर, धमतरी और जगदलपुर (बस्तर) जिलों के विभिन्न मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों का पर्दाफाश करते हुए कांकेर पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह आरोपी धार्मिक आस्था के केंद्रों को निशाना बनाकर वहां के कीमती आभूषणों और दानपेटी पर हाथ साफ करता था। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र के कई अनसुलझे मामलों को सुलझा लेने का दावा किया है।

बिना सीसीटीवी (CCTV) वाले मंदिरों की करता था रेकी

पुलिस की पूछताछ और तफ्तीश में आरोपी के काम करने के अनोखे और शातिराना तरीके का खुलासा हुआ है। आरोपी बेहद शातिर दिमाग का है और केवल उन्हीं मंदिरों को अपनी वारदात के लिए चुनता था, जहाँ सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते थे। वह पहले दिन में आम श्रद्धालु बनकर ऐसे मंदिरों की रेकी करता था और फिर रात के अंधेरे में सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाता था।

शीतला मंदिर से पार किए थे 2.47 लाख रुपये के जेवरात व नकदी

आरोपी ने हाल ही में कांकेर के प्रसिद्ध शीतला मंदिर को निशाना बनाया था। यहाँ से उसने माता रानी के सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण और मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद सहित कुल 2 लाख 47 हजार रुपये मूल्य के सामान की बड़ी चोरी की थी। मंदिर समिति की शिकायत पर तत्काल एक्शन लेते हुए कांकेर पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का माल बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

Share this

You may have missed