VB-G RAM-G Chhattisgarh: ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान से जल संरक्षण बना जनआंदोलन, MCB जिले में 200 लाख लीटर भू-जल रिचार्ज क्षमता विकसित…NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा के मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (VB-G RAM-G) के तहत प्रदेशभर में बड़ा बदलाव दिख रहा है। राज्य सरकार ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दे रही है। इस अभियान से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में लाखों मानव-दिवस का रोजगार सृजित हो रहा है, बल्कि भू-जल संवर्धन और हरित विकास के कार्यों को भी अभूतपूर्व गति मिली है।

52 एकड़ में तैयार हो रहा मॉडल, 200 लाख लीटर जल संवर्धन का लक्ष्य

इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के खड़गवां जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बरदर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ 52 एकड़ के विशाल क्षेत्र में समेकित जल संरक्षण एवं हरित विकास मॉडल विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 30 एकड़ क्षेत्र में कंटूर ट्रेंच और अन्य संरचनाओं के माध्यम से वर्षाजल को सहेजने का काम किया गया है, जिससे क्षेत्र में लगभग 200 लाख लीटर भू-जल रिचार्ज की क्षमता विकसित हो चुकी है। वहीं, बाकी 22 एकड़ क्षेत्र में लगभग 2,000 फलदार और छायादार पौधों का रोपण शुरू किया गया है।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने खुद खुदाई कर दिया संदेश

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा मनेन्द्रगढ़ विधायक श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण कर इस मुहिम की शुरुआत की। उन्होंने खुद कंटूर ट्रेंच की खुदाई कर ग्रामीणों को जल और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंत्री जायसवाल ने कहा कि पानी बचाना सिर्फ आज की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत को जल-सुरक्षित, हरा-भरा और आत्मनिर्भर बनाना है।

Share this

You may have missed