Road Accident News: रफ्तार का कहर! यात्री बस ने कार को मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत, दो गंभीर….NV News

Share this

NV News कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में रविवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार यात्री बस और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। यह भीषण टक्कर घोड़ा गांव के पास हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जगदलपुर से रायपुर जा रही कांकेर रोडवेज की बस ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर रोडवेज की तेज रफ्तार यात्री बस जगदलपुर से सवारी लेकर रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कोंडागांव से गीदम की तरफ जा रही कार को बस ने घोड़ा गांव के पास अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हुई यात्री बस सड़क से नीचे उतरकर सीधे किनारे मौजूद घने जंगल की ओर जा घुसी। गनीमत रही कि बस में सवार अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं।

मौके पर मची चीख-पुकार, जांच में जुटी कोंडागांव पुलिस

सुबह-सुबह हुए इस भीषण हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कोंडागांव पुलिस की टीम फौरन घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर मामले की मर्ग जांच शुरू कर दी है।

Share this

You may have missed