Mayor Ground Inspection: महापौर मीनल चौबे ने घुटने तक पानी में उतरकर किया जलभराव क्षेत्रों का दौरा, पंडरी कपड़ा बाजार में अवैध कब्जे तोड़ने के सख्त निर्देश….NV News
Share this
NV News रायपुर। मानसून की बारिश के बीच राजधानी रायपुर के कई रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आ रही है। इसे देखते हुए रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने आज खुद मोर्चा संभाला और प्रभावित क्षेत्रों का तूफानी दौरा कर जमीनी हकीकत का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। महापौर ने जलभराव से प्रभावित बस्तियों और बाजारों का दौरा कर अधिकारियों को ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने तथा जल निकासी के मार्ग में आने वाले सभी अवैध कब्जों को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
महापौर मीनल चौबे सबसे पहले नगर निगम जोन 7 के अंतर्गत आने वाले स्वामी आत्मानंद वार्ड पहुंचीं। उन्होंने समता कॉलोनी मार्ग से श्याम खाटू मंदिर मार्ग होते हुए अर्जुन नगर बस्ती के जलभराव वाले हिस्सों का पैदल ही मुआयना किया। इस दौरान उनके साथ वार्ड पार्षद आनंद अग्रवाल और जोन 7 के कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस सहित अन्य तकनीकी कर्मचारी उपस्थित थे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अर्जुन नगर में मुख्य नाले की युद्धस्तर पर सफाई कराई जाए और रेत की बोरियां बिछाकर छोटे-छोटे चैंबर तैयार किए जाएं। उन्होंने जरूरत पड़ने पर नाले को डायवर्ट करने के निर्देश दिए ताकि बस्ती में दोबारा जलभराव की नौबत न आए।
इसके बाद महापौर जोन 2 के शहीद हेमूकालाणी वार्ड के अंतर्गत पंडरी कपड़ा बाजार, गंगा नगर और दुर्गा नगर बस्ती पहुंचीं। यहां वार्ड पार्षद कृतिका जैन, सामाजिक कार्यकर्ता तुषार चोपड़ा और जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय की मौजूदगी में उन्होंने जलभराव की स्थिति देखी। महापौर ने गंगा नगर और दुर्गा नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं, पंडरी कपड़ा बाजार के निरीक्षण के दौरान वे तब बिफर गईं जब उन्होंने देखा कि दुकानदारों ने नाली के ऊपर अवैध रूप से पाट (कंक्रीट स्लैब) बनाकर कब्जा कर लिया है, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। महापौर ने जोन कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारी रवि लावनिया को कड़ी हिदायत देते हुए इन सभी अवैध पाटों को अभियान चलाकर तोड़ने और बाजार क्षेत्र से गंदे पानी का निकास सुगम बनाने के कड़े निर्देश दिए।

