Wild Elephant Attack: रायगढ़ में जंगली हाथी का तांडव, पुटु निकालने जंगल गए ग्रामीण को कुचलकर उतारा मौत के घाट…NV News

Share this

NV News रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से जंगली हाथी के आतंक की एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां धर्मजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत पुटु (जंगली मशरूम) निकालने के लिए जंगल गए एक ग्रामीण पर जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने ग्रामीण को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस वीभत्स हादसे के बाद से पूरे इलाके और आस-पास के गांवों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना धर्मजयगढ़ वन मंडल के पीडिया-तुर्रीकटरा मार्ग के बीच घने जंगली क्षेत्र में गुरुवार को घटित हुई। मृतक ग्रामीण की पहचान 55 वर्षीय जहाज़ सिंह राठिया के रूप में की गई है, जो कि पीडिया गांव का ही निवासी था। बताया जा रहा है कि वह बारिश के मौसम में उगने वाली पुटु सब्जी को बीनने के लिए सुबह-सुबह जंगल की ओर गया हुआ था। इसी दौरान उसका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया, जिसने उसे संभलने का मौका दिए बिना अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना जैसे ही गांव में फैली, ग्रामीण सहम गए। इसके बाद वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक टीम को मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद अधिकारी दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की मर्ग जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को तत्कालिक सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया की जा रही है। वन विभाग ने आस-पास के ग्रामीणों को फिलहाल जंगल की तरफ न जाने और हाथियों से सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी है।

Share this

You may have missed