CG Tourism Promotion: छत्तीसगढ़ को देश का प्रमुख टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिए विकास कार्यों को रफ्तार देने के निर्देश….NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्य (टूरिज्म डेस्टिनेशन) के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। मंत्रालय में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में दोनों विभागों की विकास परियोजनाओं, अधोसंरचना निर्माण और आगामी कार्ययोजनाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। बैठक में दो टूक निर्देश दिए गए कि हर एक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य और संस्कृति विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संचालित योजनाओं, लोक कलाकारों के संवर्धन और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण की प्रगति रिपोर्ट पेश की। पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की मौजूदगी में हुई इस समीक्षा के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध जनजातीय परंपराओं से संपन्न राज्य है। इन सभी अनूठी विशेषताओं का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करना बेहद जरूरी है।

संस्कृति मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रदेश के पारंपरिक कला रूपों, संग्रहालयों और सांस्कृतिक आयोजनों को और अधिक प्रभावी व जनभागीदारी आधारित बनाया जाए ताकि नई पीढ़ी अपनी समृद्ध विरासत से जुड़ाव महसूस कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गति, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस महत्वपूर्ण बैठक में अवर सचिव रुचि शर्मा, उपमहाप्रबंधक पूनम शर्मा सहित पर्यटन मंडल और संस्कृति विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Share this

You may have missed