वीबी-जी राम-जी योजना का शुभारंभ, 125 दिन रोजगार और ₹300 दैनिक मजदूरी का लाभ…NV News

Share this

NV News:सरगुजा जिले के अंबिकापुर में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम-जी योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर योजना की शुरुआत की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेंगे। उन्होंने बताया कि नई योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को अब 100 की जगह 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। साथ ही छत्तीसगढ़ में श्रमिकों की दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। उन्होंने इसे श्रमिकों के सम्मान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में जल संरक्षण, वृक्षारोपण, खेत तालाब, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण अधोसंरचना विकास जैसे स्थायी कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह ने योजना को ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर बताया, जबकि कलेक्टर अजीत वसंत ने प्रभावी मॉनिटरिंग के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने की बात कही।

इस दौरान लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए, महिला स्व-सहायता समूहों और किसानों को बीज वितरित किए गए तथा फलदार पौधों का वितरण भी किया गया। सरकार का लक्ष्य इस योजना के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार, आजीविका और स्थायी विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

Share this

You may have missed