CG Housing Board: हाउसिंग बोर्ड का बदला नाम, अब अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी प्रदेश को देगा नई गति; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जारी किया नया लोगो…NV News

Share this

NV News रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ‘छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल’ के नवीन लोगो (Logo) का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो मंडल पूर्व में केवल आवास निर्माण तक सीमित था, वह अब अधोसंरचना (Infrastructure) विकास के क्षेत्र में भी बड़ी भूमिका निभाएगा और राज्य के विकास को नई गति देगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस नए लोगो को डिजाइन करने वाले श्री अंशुल कश्यप को ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक और शुभकामनाएं सौंपी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि राज्य में अब तक 10.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण हो चुके हैं और हर दिन लगभग 1,600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए केंद्र से 15 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने सुशासन की दिशा में उठाए कदमों जैसे ‘सेवा सेतु’ ऐप (450 से अधिक सेवाएं), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना (65 हजार घरों में सोलर प्लांट) का भी विशेष उल्लेख किया। पिछले दो वर्षों में मंडल ने रिकॉर्ड तोड़ तरक्की करते हुए 7,388 संपत्तियों का विक्रय किया है, जिससे 1,532 करोड़ रुपये का भारी-भरकम राजस्व अर्जित हुआ है।

कार्यक्रम में उपस्थित आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने सरकार की ‘इकोनॉमिक फिलॉसफी’ को साझा करते हुए कहा कि पूंजीगत व्यय करने वाले विभागों को सक्षम बनाना हमारी प्राथमिकता है। अब मंडल में कोई भी नया निर्माण तभी शुरू होगा जब पर्याप्त एडवांस बुकिंग मिल जाएगी, ताकि वित्तीय जोखिम से बचा जा सके। वन टाइम सेटलमेंट योजना से बोर्ड को वित्तीय मजबूती मिली है। समारोह के अंत में वर्ष 2025 के आवास मेले के लकी ड्रा विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे बंपर पुरस्कार बांटे गए, जिसमें सारंगढ़ की श्रीमती पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार की चाबी सौंपी गई।

Share this

You may have missed