Development: मर्दापाल क्षेत्र को 8.63 करोड़ की विकास सौगात, वन मंत्री केदार कश्यप ने किया सड़क और पुल निर्माण का भूमिपूजन…NV News

Share this

NV News कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र को साय सरकार में एक बड़ी विकास सौगात मिली है। क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में आधारभूत अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन के वनमंत्री तथा नारायणपुर विधायक श्री केदार कश्यप ने आज लगभग 8 करोड़ 63 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली विभिन्न सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इस महत्वपूर्ण भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत कई बड़े विकास कार्यों की शुरुआत की गई है, जिनमें प्रमुख रूप से:

खोड़सानार से नवागांव तक 2.30 किलोमीटर डामरीकरण सड़क निर्माण

ग्राम बांसगांव से जोगियालवाड़ मार्ग पर फोटकी नाला में मध्यम पुल का निर्माण

मर्दापाल-बयानार मार्ग पर नवागांव से एहरा तक पुलिया एवं एप्रोच रोड निर्माण

आदनार क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर पुलिया निर्माण

तोड़म मेन रोड से मुंडापारा तक 2.65 किलोमीटर नई सड़क का निर्माण शामिल हैं।

इन सभी निर्माण कार्यों के पूरा होने से खासकर मानसून और बरसात के दिनों में बस्तर के अंदरूनी इलाकों में होने वाली टापू जैसी स्थिति और आवागमन की समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा।

भूमिपूजन के अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य विकास को सिर्फ शहरों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि अंतिम छोर पर बसे हर गांव तक गुणवत्तापूर्ण सड़क, पुल और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क संपर्क (रोड कनेक्टिविटी) से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने में आसानी होगी, जो कि सुशासन का वास्तविक स्वरूप है।

Share this

You may have missed