बिल्डर ने नाले को पाटकर कर लिया अवैध कब्जा: महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर सीमांकन में हुआ खुलासा, अधिकारियों को लगी कड़ी फटकार…NV News

Share this

NV News रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक रसूखदार बिल्डर द्वारा महोबा बाजार नाले को पाटकर उस पर अवैध कब्जा करने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 7 के अंतर्गत आने वाले डॉ. ईश्वरी चरण शुक्ल वार्ड में, महोबा बाजार ब्रिज और रेलवे पटरी के समीप राजीव नगर क्षेत्र का यह पूरा मामला है। बारिश पूर्व नाला सफाई व्यवस्था का जायजा लेने जमीनी निरीक्षण पर निकलीं महापौर श्रीमती मीनल चौबे को मौके पर नाले के स्थान पर मात्र 50 मीटर के बाद पूरा नाला ही गायब मिला। महापौर ने जनशिकायत और स्थिति की गंभीरता को तत्काल संज्ञान में लेते हुए मौके से ही राजस्व विभाग को भूमि के सटीक सीमांकन के कड़े निर्देश जारी किए।

राजस्व विभाग द्वारा किए गए त्वरित सीमांकन की रिपोर्ट आते ही नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट में साफ तौर पर पुष्टि हुई कि बिल्डर ने पानी की निकासी के मुख्य नाले को पूरी तरह पाटकर उसकी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा जमा लिया है। इस घोर लापरवाही और अवैध निर्माण पर कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर मीनल चौबे ने संबंधित जोन 7 के अधिकारियों को मौके पर ही जमकर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि इतना बड़ा अवैध कब्जा उनकी नाक के नीचे कैसे हो गया। महापौर ने आदेश दिया कि सीमांकन रिपोर्ट के आधार पर बिल्डर द्वारा किए गए अतिक्रमण और वहां बने गेट व आसपास की अवैध संरचनाओं को तत्काल ध्वस्त किया जाए।

आगामी मानूसन और भारी बारिश के मद्देनजर क्षेत्र में जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की गंभीर स्थिति से स्थानीय बस्तियों को बचाने के लिए महापौर ने आपातकालीन निर्देश दिए हैं। उन्होंने जोन कमिश्नर और इंजीनियरों को निर्देशित किया है कि तत्काल जेसीबी (JCB) मशीनें लगाकर मौके पर कच्चा नाला खोदा जाए, ताकि गंदे पानी का निकास सुचारू रूप से हो सके और राजीव नगर के रहवासियों के घरों में पानी न घुसे। इसके साथ ही, महापौर ने रायपुर के सभी जोन कमिश्नरों और नगर निवेशकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में कहीं भी नाले की भूमि पर अवैध कब्जा मिलने पर बिना किसी दबाव के कड़ी कानूनी कार्रवाई करें। इस दौरान स्थानीय पार्षद श्रीमती मीना ठाकुर सहित निगम के कई आला अधिकारी और वार्डवासी मौजूद रहे।

Share this

You may have missed