Somnath Swabhiman Yatra: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, सोमनाथ सांस्कृतिक यात्रा शुरू…NV News

Share this

NV News Raipur: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन से सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के लिए एक विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’ का भव्य शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सोमनाथ मंदिर हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र है। इतिहास में अनेक बार आक्रांताओं द्वारा इसे तोड़े जाने के बावजूद हर बार इसका पुनर्निर्माण हुआ, जो भारतवासियों की अदम्य आस्था का जीवंत प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने इस पावन यात्रा के माध्यम से भगवान सोमनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस विशेष सांस्कृतिक यात्रा में छत्तीसगढ़ के 1000 से अधिक विशिष्टजन शामिल हैं, जिनमें पद्मश्री पुरस्कार विजेता, राष्ट्रीय व राज्य सम्मान से सम्मानित कलाकार और देश के जाने-माने साहित्यकार शामिल हैं। ये सभी श्रद्धालु अपने साथ प्रदेश के विभिन्न धार्मिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के शिवालयों की पावन माटी के कलश और पवित्र नदियों का जल लेकर रवाना हुए हैं, जिसे बाबा सोमनाथ के चरणों में अर्पित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने देश के पहले गृह मंत्री लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही आजादी के बाद इस मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था, जिसका लोकार्पण 75 वर्ष पूर्व प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया था।

यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में मनाए जा रहे ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व राष्ट्रीय स्मरणोत्सव’ (11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027) का एक अहम हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को न केवल आध्यात्मिक अनुभूति कराएगी, बल्कि राष्ट्रीय गौरव और महान सांस्कृतिक परंपरा का अहसास भी कराएगी। इस गरिमामयी समारोह में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने यात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

Share this

You may have missed