Crime News: भिलाई की युवती की राजनांदगांव के रिसॉर्ट में मिली संदिग्ध लाश, साथी हुए फरार…NV News
Share this
NV News राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां के मनगट्टा स्थित विसली वुड रिसॉर्ट में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे रिसॉर्ट परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है। रिसॉर्ट प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 24 वर्षीय मुस्कान तिवारी के रूप में की गई है, जो कि भिलाई की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि मुस्कान अपने कुछ दोस्तों और साथियों के साथ इस रिसॉर्ट में वक्त बिताने और ठहरने के लिए आई हुई थी। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन देर रात वह अचानक कमरे के बाथरूम में गई, जहां काफी देर तक बाहर न आने पर देखने पर वह संदिग्ध और बेहोशी की हालत में पाई गई।
इस गंभीर घटना की जानकारी सुबह करीब 8 बजे रिसॉर्ट के संचालक और मैनेजर को हुई। रिसॉर्ट प्रबंधन द्वारा आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से युवती को इलाज के लिए नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल लाने से पहले ही युवती की सांसें थम चुकी थीं।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा संदेह तब पैदा हुआ जब घटना के बाद से ही युवती के साथ रिसॉर्ट आए उसके सभी साथी मौके से फरार हो गए। दोस्तों का इस तरह अचानक गायब हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने रिसॉर्ट के एंट्री रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और कमरे को सील कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा, फिलहाल फरार साथियों की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

