संगठन मजबूत करने छत्तीसगढ़ आ रहे राहुल गांधी: 21 जून से कांग्रेस का सबसे बड़ा प्रशिक्षण शिविर, जिला अध्यक्षों की लगेगी क्लास….NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर नए सिरे से मजबूत और सक्रिय करने की रणनीति के तहत एक बड़ा प्रशिक्षण अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी के ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ के अंतर्गत जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह महा-शिविर 21 जून से रायपुर के करीब अभनपुर स्थित मंगल भवन में प्रारंभ होगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को वैचारिक और व्यावहारिक रूप से मजबूत बनाना तथा जमीनी नेताओं में प्रभावी नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।

इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे खास बात यह है कि इसमें कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी खुद जिला और शहर अध्यक्षों की क्लास लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस 10 दिवसीय कार्यक्रम में राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता और विषय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो प्रभारियों और अध्यक्षों को संगठन संचालन, जन मुद्दों पर आक्रामक रणनीति और बूथ स्तर तक पकड़ मजबूत करने के गुर सिखाएंगे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के इतिहास में इसे अब तक का सबसे बड़ा और कड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम माना जा रहा है।

विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद संगठन में नई ऊर्जा फूंकने के लिए इस शिविर को बेहद अहम माना जा रहा है। 21 जून से शुरू होने वाले इस शिविर के लिए अभनपुर के मंगल भवन में तैयारियां जोरों पर हैं, जहां सभी प्रभागों के पदाधिकारियों के रुकने और प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस शिविर के माध्यम से कांग्रेस आगामी स्थानीय निकाय चुनावों और भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों के लिए अपने कैडर को पूरी तरह तैयार करने का खाका खींचेगी।

Share this

You may have missed