मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बोदरी को बड़ी सौगात: संत गाडगे बाबा जयंती पर 42 करोड़ की सड़कों का उपहार, कई विकास कार्यों की घोषणा…NV News
Share this
NV News- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए सेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता तथा मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास को गति देते हुए लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क अधोसंरचना विकास की आधारशिला है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि संत गाडगे बाबा का संपूर्ण जीवन समाज सुधार, स्वच्छता और मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने छुआछूत, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष कर समाज को एक नई दिशा दी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘स्वच्छ भारत मिशन’ वास्तव में संत गाडगे बाबा के स्वच्छता और जनजागरण के संदेश को ही जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। इसके साथ ही उन्होंने समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और सामाजिक पदाधिकारियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।
इस गरिमामयी समारोह में मुख्यमंत्री ने बोदरी और आसपास के क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कन्नौजे रजक समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये व भूमि, सन्नडय कुर्मी समाज के भवन के लिए 60 लाख रुपये और वर्मा समाज के भवन के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करने का ऐलान किया। इसके अतिरिक्त, धमनी-चकरभाठा मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन करने, बोदरी एयरपोर्ट के पास नया खेल मैदान बनाने तथा जोरा तालाब के सौंदर्यीकरण की बड़ी घोषणा की गई। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

