हीरापुर में नाले के बाहर कचरा देख भड़कीं महापौर मीनल चौबे: अधिकारियों को लगाई फटकार, दिए तत्काल सफाई और रिटेनिंग वॉल के निर्देश…NV News
Share this
NV News- रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने मानसून से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जमीनी मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में उन्होंने नगर निगम जोन 8 के अंतर्गत आने वाले हीरापुर यदुवंशी चौक के पास कैनाल लींकिंग रोड नाले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले की सफाई के बाद भारी मात्रा में कचरा बाहर ही फैला देखकर महापौर का पारा चढ़ गया। उन्होंने लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित जोन अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। महापौर ने जोन 8 की कमिश्नर राजेश्वरी पटेल को निर्देश दिए कि बाहर बिखरे कचरे का तत्काल परिवहन कराया जाए और क्षेत्र में मुस्तैदी से स्वच्छता कायम रखी जाए।
जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए महापौर मीनल चौबे ने कड़े तेवर अपनाते हुए अधिकारियों को नाले के तल्ले (नीचे) तक की सफाई करने और पूरी लद्दी (कीचड़) बाहर निकालने के सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दिनों में क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या न खड़ी हो। उन्होंने जोन कमिश्नर को हिदायत दी कि वे प्रतिदिन खुद मौके पर खड़े रहकर नाले की सफाई का निरीक्षण करें और इसकी नियमित रिपोर्ट सौंपें। इसके साथ ही, नाले के किनारे सुरक्षा के लिहाज से रिटेनिंग वॉल बनवाने के लिए नगर निगम आयुक्त के पास सक्षम स्वीकृति हेतु तत्काल प्रस्ताव भेजने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
चूंकि यह कैनाल लींकिंग रोड नाला जल संसाधन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए महापौर ने कार्यप्रणाली को गति देने के लिए एक व्यावहारिक रास्ता निकालने को कहा है। उन्होंने जोन कमिश्नर और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा को निर्देशित किया कि जल संसाधन विभाग को पत्र लिखकर इस कच्चे नाले को जल्द से जल्द पक्का बनाने का अनुरोध करें। यदि विभाग ऐसा नहीं करता, तो उनसे तुरंत अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया जाए ताकि नगर निगम रायपुर खुद अपने बजट से इस कच्चे नाले को पक्का करने का काम शुरू कर सके। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद मनीष ध्रुव, सामाजिक कार्यकर्ता विशाल पाण्डेय और स्वच्छता निरीक्षक रितेश झा सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

