छत्तीसगढ़ में ओवररेटिंग पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: 4 अधिकारी सस्पेंड, 8 को कारण बताओ नोटिस…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ में शराब प्रेमियों से तय कीमत से अधिक दाम वसूलने (ओवररेटिंग) के मामले में आबकारी विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगातार मिल रही महंगी शराब बेचने की शिकायतों को शासन और प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। इस मामले में आबकारी विभाग के आला अधिकारियों ने सीधे तौर पर मैदानी अमले की लापरवाही मानते हुए कड़ा रुख अपनाया है।

आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा ने मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले चार आबकारी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। इसके साथ ही, विभाग के आठ अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर जवाब तलब किया गया है। आबकारी विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे अमले में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, प्रदेश की सरकारी शराब दुकानों में सेल्समैनों द्वारा ग्राहकों से तय एमआरपी (MRP) से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायतें लगातार सरकार तक पहुंच रही थीं। कई जगहों पर गुप्त रूप से की गई जांच में इन शिकायतों को सही पाया गया। विभाग का साफ मानना है कि बिना स्थानीय आबकारी अधिकारियों की शह या लापरवाही के दुकानों में ऐसी अवैध वसूली संभव नहीं है।

आबकारी आयुक्त ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ और शासकीय नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में शराब दुकानों की मॉनिटरिंग और तेज की जाएगी। यदि आगे भी किसी क्षेत्र से ओवररेटिंग या मिलावट की शिकायत सामने आती है, तो वहां के जिम्मेदार अधिकारियों पर इससे भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Share this

You may have missed