सरकारी सिस्टम की ‘नाकामी’ पर भारी पड़ा ग्रामीणों का ‘आत्मनिर्भर’ हौसला: 25 साल तक नहीं बनी सड़क, तो खुद चंदा करके ग्रामीणों ने खोद दी पहाड़ जैसी मुसीबत!…NV News

Share this

NV News Mohla: छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से विकास के दावों की हवा निकाल देने वाली एक बेहद हैरान करने वाली और साथ ही प्रेरणा से भरी खबर सामने आई है। कहते हैं कि यदि मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो इंसान अपनी राह खुद बना लेता है। इस बात को पूरी तरह सच कर दिखाया है अंबागढ़ चौकी जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत खुर्सीटिकुल के आश्रित ग्राम दक्कोटोला के रहने वाले ग्रामीणों ने। पिछले ढाई दशक (25 साल) से एक अदद पक्की सड़क के लिए तरस रहे इस गांव के बाशिंदों का जब बार-बार के खोखले सरकारी आश्वासनों और प्रशासनिक फाइलों की लेत-लतीफी से भरोसा पूरी तरह उठ गया, तो उन्होंने सिस्टम के भरोसे बैठने के बजाय खुद अपनी किस्मत बदलने का फैसला कर लिया।

दक्कोटोला गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 25 वर्षों से वे सड़क निर्माण के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों तक के चक्कर काट-काट कर थक चुके थे। हर बार उन्हें केवल आश्वासन की घुट्टी पिलाई जाती थी, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी रही। सड़क न होने के कारण बारिश के चार महीनों में यह गांव पूरी तरह से टापू में तब्दील हो जाता है। कीचड़ और गड्ढों से भरी राह के कारण गांव में एम्बुलेंस तक नहीं आ पाती, जिससे प्रसव वाली महिलाओं और गंभीर मरीजों को खाट पर लादकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। बच्चों को स्कूल जाने में और किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भारी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासनिक उपेक्षा की सारी हदें पार होने के बाद, ग्रामीणों ने एक बड़ी बैठक बुलाई और तय किया कि वे अब सरकार के सामने हाथ नहीं फैलाएंगे। गांव के हर घर से स्वेच्छा से चंदा इकट्ठा किया गया और देखते ही देखते सड़क निर्माण के लिए एक सम्मानजनक राशि जुट गई। इसके बाद ग्रामीणों ने खुद ही फावड़ा, कुदाल और तगाड़ी उठा ली और श्रमदान करते हुए सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया। ग्रामीणों के इस अनोखे और साहसी कदम ने जहां एक ओर सरकारी सुशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा तमाचा जड़ा है, वहीं दूसरी ओर पूरे प्रदेश के लिए आत्मनिर्भरता की एक मिसाल पेश की है। अब इस अनोखे आंदोलन की चर्चा पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल रही है।

Share this

You may have missed