छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रांति: इसी महीने शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन; घर बैठे मोबाइल ऐप से मिलेंगे राजस्व रिकॉर्ड….NV News

Share this

NV News- CM Sai Big Announcement: छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, हाईटेक और जन-हितैषी बनाने के लिए बड़े कदम उठाने जा रही है। ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत गरियाबंद जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आम जनता को डिजिटल गवर्नेंस की एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने मंच से आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि इसी चालू महीने में राज्य सरकार ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन’ सेवा का भव्य शुभारंभ करने जा रही है। इसके शुरू होते ही जनता को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए सीधे एक टोल-फ्री नंबर मिल जाएगा, जिसके बैकएंड प्रबंधन के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में 100 से अधिक कर्मियों की विशेष टीम और सेटअप पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।

डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल की योजना को मिला नया विस्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कामकाज को याद करते हुए कहा कि राज्य में आम नागरिकों की सहूलियत के लिए ‘ई-डिस्ट्रिक्ट’ (e-District) सेवा की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में की गई थी। अब वर्तमान सरकार इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का दायरा और अधिक बढ़ाने जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब इस सिंगल विंडो सिस्टम के अंतर्गत 400 से अधिक सरकारी सेवाओं को शामिल कर लिया गया है। इससे शासकीय कामकाज में दलालों और दफ्तरों के चक्कर काटने की मजबूरी पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

राजस्व रिकॉर्ड और प्रमाण-पत्रों के लिए नहीं भटकना पड़ेगा

इस नई डिजिटल व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा किसानों और जमीन मालिकों को होगा। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि अब प्रदेश की जनता अपने स्मार्टफोन में केवल एक आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करके बी-1 (खसरा), पांच साला, नक्शा जैसे तमाम महत्वपूर्ण ‘राजस्व रिकॉर्ड’ और विभिन्न सरकारी ‘प्रमाण-पत्र’ (जैसे आय, जाति, निवास) घर बैठे एक क्लिक पर प्राप्त कर सकेगी। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों और दूर-दराज के वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कलेक्टोरेट या तहसील कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और सुशासन का लाभ सीधे उनके मोबाइल स्क्रीन पर मिल सके।

Share this

You may have missed