छत्तीसगढ़ में अलर्ट: अफ्रीका से लौटे 3 यात्रियों में इबोला के लक्षण नहीं, एहतियातन 21 दिनों के लिए होम आइसोलेशन में…NV News

Share this

NV News- अफ्रीकी देशों में फैले इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां वर्तमान में अफ्रीका (कांगो और युगांडा) से लौटे कुल तीन यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई है। शुरुआती और गहन चिकित्सा जांच के बाद राहत की बात यह है कि इन तीनों ही यात्रियों में इबोला वायरस के किसी भी प्रकार के लक्षण नहीं पाए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हालांकि इन यात्रियों में बीमारी का कोई लक्षण नहीं है (नो सिम्टोमैटिक) और न ही वहां किसी संक्रमित मरीज के संपर्क में आने का कोई इतिहास (नो हिस्ट्री ऑफ कॉन्टैक्ट) मिला है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रोटोकॉल और इबोला वायरस के इनक्यूबेशन पीरियड (Incubation Period) को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के लिहाज से बेहद कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। एहतियात के तौर पर तीनों यात्रियों को अगले 21 दिनों के लिए अनिवार्य रूप से ‘होम आइसोलेशन’ (घर पर अलग) में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रियों की सेहत पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम प्रतिदिन सुबह और शाम को टेलीफोनिक माध्यम से सीधे यात्रियों से संपर्क साध रही है और उनके शरीर के तापमान व अन्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों का पल-पल का अपडेट ले रही है। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन ने उनके परिजनों को भी सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की शारीरिक अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करने की हिदायत दी है, ताकि समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

Share this

You may have missed