मोपका बायपास पर हार्वेस्टर चालक से लूटपाट करने वाले 4 शातिर गिरफ्तार, 500 CCTV कैमरों ने खोला राज…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस की मुस्तैदी और हाईटेक तफ्तीश के चलते लूटपाट के एक अंधे कत्ल जैसी गुत्थी को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया है। मोपका बायपास में सेंदरी के पास एक हार्वेस्टर चालक से रास्ता रोककर मारपीट करने और उससे नकदी व मोबाइल लूटने वाले शातिर गिरोह को पुलिस ने दबोच लिया है। कोनी थाना पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने इस मामले में एक विधि के साथ संघर्षरत बालक (नाबालिग) सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
इस अंधी लूट की वारदात को सुलझाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने घटना स्थल से लेकर आरोपियों के भागने वाले संभावित रास्तों पर लगे करीब 500 सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला। कैमरों की इसी सघन चेकिंग और तकनीकी विश्लेषण (सायबर सेल की मदद) के जरिए पुलिस लुटेरों के हुलिए और उनकी बाइक के नंबर तक पहुँचने में कामयाब रही, जिसके बाद घेराबंदी कर चारों को धर दबोचा गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नकद रकम भी बरामद कर ली है।
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने जो खुलासा किया वह चौंकाने वाला था। आरोपियों ने कबूल किया कि वे किसी बड़े पेशेवर अपराधी समूह से नहीं हैं, बल्कि उन्होंने सिर्फ ऐश-ओ-आराम, बेफजूल घूमने-फिरने और अपने महंगे शौक व नशे की लत को पूरा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सभी बालिग आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है, वहीं नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जा रहा है। इस त्वरित कार्रवाई से बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।

