रायपुर में नवाज़ ख़ान के नेतृत्व में अनोखी पहल: गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने मुस्लिम समाज ने चलाया हस्ताक्षर अभियान…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नूरानी चौक, राजातालाब में गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग को लेकर एक अनोखे हस्ताक्षर अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व रायपुर उत्तर विधानसभा के युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवाज़ ख़ान ने किया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि इसमें मुस्लिम समाज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और विभिन्न समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बैनर पर अपने हस्ताक्षर कर इस मांग को अपना खुला समर्थन दिया।
अभियान का नेतृत्व कर रहे युवा कांग्रेस अध्यक्ष नवाज़ ख़ान ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था, अर्थव्यवस्था और करुणा का एक बड़ा प्रतीक है, जिससे करोड़ों देशवासियों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। उन्होंने मुस्लिम समाज की तरफ से पूरे देश को भाईचारे का संदेश देते हुए कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। खान ने जोर देकर कहा कि वे इस मांग में समान रूप से सहभागी हैं और उनका उद्देश्य आपसी सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता के जरिए गौवंश का संरक्षण सुनिश्चित करना है।
इस हस्ताक्षर अभियान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने एक स्वर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विनम्र आग्रह किया कि देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए गाय को बिना किसी देरी के राष्ट्रीय पशु का दर्जा प्रदान किया जाए। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से रायपुर की जनता का जो भारी जनसमर्थन और हस्ताक्षर एकत्रित हुए हैं, उन्हें बहुत जल्द एक मांग पत्र के रूप में केंद्र सरकार तक भेजा जाएगा।

