कचरे से खिलेगी मुस्कान: धोबीपारा में नए स्वरूप में शुरू हुआ ‘RRR सेंटर’, जरूरतमंदों को मिलेंगी अनुपयोगी वस्तुएं…NV News

Share this

NV News- रायपुर: स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम ने शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक शानदार सौगात दी है। जोन क्रमांक 4 के ब्राम्हणपारा वार्ड स्थित धोबीपारा उद्यान के समीप सामुदायिक भवन में ‘आरआरआर (रिड्यूज, रियूज, रिसायकल) सेंटर’ को बिल्कुल नए और आधुनिक स्वरूप में प्रारंभ किया गया है। रायपुर महापौर मीनल चौबे ने नगर निगम स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा, अमर गिदवानी, जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा और वार्ड पार्षद अजय साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इसका भव्य लोकार्पण किया।

इस नए स्वरूप वाले आरआरआर सेंटर को आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा केंद्र बनाया गया है। नगर निगम ने इसके लिए एक विशेष ई-बैटरी वाहन उपलब्ध कराया है, जो जोन 4 के सभी 7 वार्डों के घरों से नागरिकों की अनुपयोगी वस्तुएं कलेक्ट करके लाएगा। इस सेंटर की कमान ‘धरोहर महिला स्वसहायता समूह’ को सौंपी गई है। महिलाओं के रोजगार के लिए यहाँ सिलाई मशीनों की व्यवस्था की गई है, जहाँ पुराने कपड़ों को रीसायकल कर थैले और झोले बनाए जाएंगे। इसके अलावा यहाँ ‘बर्तन बैंक’ और ‘झोला बैंक’ की सुविधा भी शुरू की गई है, जहाँ अलग-अलग अलमारियों में नागरिकों द्वारा दिए गए पुराने कपड़े, जूते-चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और बर्तन सहेज कर रखे जाएंगे, जिन्हें जरूरतमंदों को मुफ्त या न्यूनतम दर पर दिया जाएगा।

लोकार्पण के अवसर पर महापौर मीनल चौबे ने बताया कि आरआरआर सेंटर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की एक बेहद महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके जरिए लैंडफिल (कचरा डंपिंग यार्ड) में जाने वाले कचरे में भारी कमी आएगी। महापौर ने रायपुर के नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि आगामी 5 जून 2026 को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के मौके पर सभी नागरिक अपने घरों में बेकार पड़ी या उपयोग में न आने वाली वस्तुओं को इस सेंटर में दान करें। नागरिकों का यह छोटा सा प्रयास न केवल पर्यावरण को बचाएगा, बल्कि समाज के गरीब और जरूरतमंद चेहरों पर मुस्कान भी लाएगा। इस दौरान जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चन्द्रवंशी सहित निगम के तमाम आला अधिकारी और वार्डवासी उपस्थित रहे।

Share this

You may have missed