प्यार, शादी और दगाबाज़ी: लव मैरिज के 6 महीने बाद दुल्हन नए बॉयफ्रेंड संग फरार, गहने और कैश भी साफ…NV News
Share this
NV News- रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रिश्तों में धोखेबाजी और सनसनीखेज फरारी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहाँ एक युवती ने 6 महीने के अफेयर के बाद अपने प्रेमी से बड़े ही चाव से लव मैरिज की, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद उसका दिल किसी दूसरे लड़के पर आ गया। हद तो तब हो गई जब शादी के महज दो महीने के भीतर ही नवविवाहिता अपने नए बॉयफ्रेंड के साथ रफूचक्कर हो गई, जिससे दूल्हे के पैरों तले जमीन खिसक गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक और युवती के बीच पिछले 6 महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने अपने प्यार को मुकाम तक पहुँचाने के लिए परिवारों की रजामंदी से इसी साल 20 मार्च को धूमधाम से शादी रचाई थी। शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन पति को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसकी पत्नी किसी और के साथ भागने की प्लानिंग कर रही है। तीन दिन पहले मौका पाकर दुल्हन अपने नए प्रेमी के साथ फरार हो गई।
पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी घर से केवल भागी नहीं है, बल्कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात और 50 हजार रुपये कैश भी समेट कर ले गई है। दुल्हन की इस करतूत के बाद पीड़ित पति अब न्याय के लिए पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है। उसका कहना है कि वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई ठीक से नहीं हो रही है। फिलहाल इस अजीबोगरीब मामले की चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है और पुलिस मामले की प्रारंभिक जांच कर रही है।

