सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश पर कमिश्नर सख्त: संबित मिश्रा ने मौदहापारा का किया निरीक्षण, नाला सफाई में तेजी लाने के निर्देश…NV News
Share this
NV News- रायपुर नगर पालिक निगम के कमिश्नर संबित मिश्रा ने नगर निगम जोन 2 क्षेत्र के अंतर्गत हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड क्रमांक 35 में आने वाले मौदहापारा स्थित कल्लू गैरेज के पास नाला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नाला क्षेत्र में शासकीय संपत्ति को क्षतिग्रस्त करने के प्रयास का मामला सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कमिश्नर ने शासन के नियमों और अधिनियमों के तहत दोषी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश जोन 2 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय को दिए हैं, जिसके बाद निगम प्रशासन द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आगामी मानसून और बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए कमिश्नर संबित मिश्रा ने शहर के विभिन्न जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों का भी दौरा किया। उन्होंने जोन 7 के अंतर्गत आने वाले तेलघानी नाका नाला क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश शुरू होने से पहले ही नालों की सघन सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि गंदे पानी का निकास सुगम हो सके और सड़कों पर जलजमाव की स्थिति निर्मित न हो।
इसके साथ ही कमिश्नर ने नगर निगम जोन 10 के अंतर्गत गोदड़ीवाला नगर नाला और महात्मा गांधी वार्ड नाला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने जोन 10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा को नाले की तली तक जाकर अच्छी तरह से गाद और कचरा निकालने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय रहवासियों को बारिश के दिनों में किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय सहित विभिन्न जोनों के कार्यपालन अभियंता और स्वास्थ्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

