ईंधन की मार: पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते ही माल ढुलाई महंगी, रायपुर से इंदौर-भोपाल के लिए प्रति किमी ₹10 तक बढ़ा किराया….NV News
Share this
NV News- देशभर में पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतों का सीधा और बड़ा असर अब देश के लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर दिखने लगा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित राज्य के विभिन्न जिलों में स्थानीय ट्रांसपोर्टरों ने माल भाड़े (Freight Rates) में भारी बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। ईंधन के दामों में लगातार हो रहे इजाफे के कारण ट्रांसपोर्टरों के लिए पुराने किराए पर वाहनों का संचालन करना घाटे का सौदा साबित हो रहा था, जिसके चलते अब माल ढुलाई के किराए में प्रति किलोमीटर 10 रुपये तक की बड़ी वृद्धि कर दी गई है।
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों के अनुसार, रायपुर से मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों जैसे इंदौर और भोपाल के रूटों पर चलने वाले ट्रकों और लोडिंग वाहनों के किराए में यह बढ़ोतरी तुरंत प्रभाव से लागू कर दी गई है। लंबी दूरी और भारी वाहनों (बड़ी गाड़ियों) का किराया अब करीब 30 से 40 रुपये प्रति किलोमीटर के स्तर पर पहुंच गया है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने और घरेलू बाजार में ईंधन की बढ़ती लागत के कारण उनके पास किराया बढ़ाने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा था।
माल भाड़े में की गई इस भारी बढ़ोतरी का सीधा और चौतरफा असर अब आम जनता की जेब पर पड़ने वाला है। रायपुर से इंदौर-भोपाल के बीच बड़े पैमाने पर किराना, कपड़ा, दवाएं, सब्जियां, फल और अन्य रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की सप्लाई की जाती है। परिवहन लागत बढ़ने से इन सभी आवश्यक सामग्रियों की थोक और खुदरा कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की तेजी आने की आशंका जताई जा रही है, जिससे आने वाले दिनों में बाजार में महंगाई और अधिक बढ़ सकती है।

