मॉनसून की तैयारी: नगर निगम ने शुरू किया नाला सफाई अभियान, लाभाण्डी से लेकर नहरपारा तक गंदे पानी की निकासी सुगम…NV News

Share this

NV News- रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी मॉनसून के दौरान जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिक निगम ने कमर कस ली है। निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर के प्रमुख नालों और नालियों की बारिश पूर्व (Pre-Monsoon) सफाई के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम की टीमों ने अलग-अलग जोनों में मुस्तैदी दिखाते हुए नालों की सघन सफाई की, ताकि बारिश के दिनों में गंदे पानी की सुगम निकासी सुनिश्चित की जा सके और जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।

इस अभियान के तहत रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 9 के अंतर्गत लाभाण्डी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ‘पीहर नाला’ की अभियान चलाकर पूरी तरह सफाई की। इसके साथ ही जोन 9 के ही कचना बीएसयूपी (BSUP) आवासीय परिसर की गलियों और नालियों से कचरा साफ कर जलप्रवाह को दुरुस्त किया गया। वहीं, जोन क्रमांक 5 के अंतर्गत आने वाले काली मंदिर रिंग रोड नाला क्षेत्र में भी सघन सफाई अभियान चलाकर गाद और कचरा बाहर निकाला गया, जिससे क्षेत्र के रहवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

दूसरी ओर, शहर के व्यस्ततम इलाकों में से एक जोन क्रमांक 2 के अंतर्गत नहरपारा रेलवे स्टेशन मार्ग नाला की भी सफाई युद्ध स्तर पर की गई। निगम कर्मियों ने नाले से भारी मात्रा में निकला संपूर्ण कचरा तुरंत उठवाया, ताकि बारिश के दौरान स्टेशन रोड पर पानी जमा न हो सके। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि जनस्वास्थ्य सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह नाला सफाई अभियान तेजी से निरंतर जारी रहेगा, ताकि शहरवासियों को बारिश के मौसम में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share this

You may have missed