हाईवे पर हादसा: घायल भोजवानी परिवार के लिए फरिश्ते बने पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, पहुंचाया अस्पताल…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ के मुंगेली नगर में रायपुर मार्ग पर स्थित आरतानी राइस मिल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां नगर का प्रतिष्ठित भोजवानी परिवार एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, भोजवानी परिवार किसी जरूरी काम से राजधानी रायपुर गया हुआ था। वहां से वापस मुंगेली लौटते समय उनकी गाड़ी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

हादसे की भयावहता को देखते हुए मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत आपातकालीन पुलिस सेवा डायल 112 को सूचना दी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी मौके पर कोई प्रशासनिक सहायता या वाहन नहीं पहुंच सका। घायलों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी और समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी था। ऐसे नाजुक वक्त में मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला को जैसे ही हादसे की खबर मिली, वे बिना वक्त गंवाए तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।

पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने मौके पर त्वरित संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए एक सजग जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाई। उन्होंने 112 वाहन का इंतजार करने के बजाय, हादसे में गंभीर रूप से घायल रेनू भोजवानी और उनके पति रामचंद्र भोजवानी को तुरंत अपने निजी वाहन में बिठाया और बिना देरी किए नगर के अवध हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का त्वरित उपचार शुरू कर दिया है। संकट की इस घड़ी में समय पर मदद करने के लिए स्थानीय नागरिकों और घायल परिवार के शुभचिंतकों ने रोहित शुक्ला की इस सहृदयता की जमकर सराहना की है।

Share this

You may have missed