शहर को जाम से मुक्ति दिलाने सड़कों पर उतरा प्रशासन, अधिकारियों के तेवर देख व्यापारियों ने खुद ही कर दिया यह काम!…NV News
Share this
NV News- मुंगेली शहर में लगातार बढ़ते यातायात के दबाव और रोज-रोज के ट्रैफिक जाम से आम जनता को स्थाई निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। कलेक्टर कुंदन कुमार के कुशल मार्गदर्शन और कड़े निर्देशों के बाद शहर को सुंदर व सुव्यवस्थित बनाने के लिए शुरू किया गया ‘अतिक्रमण मुक्त अभियान’ अपने दूसरे दिन भी पूरी रफ्तार से जारी रहा। इस महा-अभियान के दूसरे चरण में आज दाऊपारा चौक से लेकर लोरमी मार्ग और सर्किट हाउस चौक तक जेसीबी के माध्यम से ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया।
अभियान के दूसरे दिन कार्रवाई की कमान खुद एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने संभाली। उनके साथ मौके पर एसडीएम अजय शतरंज, तहसीलदार कुणाल पाण्डेय और नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा। प्रशासन के इस कड़े और सख्त रुख को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों ने भी सूझबूझ दिखाई और किसी भी टकराव से बचते हुए स्वेच्छा से सड़कों व फुटपाथों से अपना अवैध कब्जा खुद ही खाली करना शुरू कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने से जहां सड़कों की चौड़ाई बढ़ेगी, वहीं आम जनता को रोजाना लगने वाले जाम के झाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी। शहर के सुंदरीकरण और सुगम यातायात के लिए शुरू की गई इस कार्रवाई की आम नागरिकों ने सराहना की है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दोबारा किसी ने सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

