तहसील परिसर में बुजुर्ग की अचानक बिगड़ी तबीयत, अपर कलेक्टर की गाड़ी से भेजा गया अस्पताल, रास्ते में मौत…NV News
Share this
NV News- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय परिसर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब काम के सिलसिले में पहुंचे एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कोतरारोड थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभट्ठी निवासी 71 वर्षीय जवाहर लाल चौधरी के रूप में हुई है। बुजुर्ग की अचानक मौत से तहसील परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और शोक का माहौल निर्मित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जवाहर लाल चौधरी सोमवार को किसी शासकीय कार्य से तहसील कार्यालय आए हुए थे। इसी दौरान परिसर में ही उनकी छाती में अचानक तेज दर्द उठा और वे बेसुध होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें संभालने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां मौजूद अपर कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाई और तुरंत अपनी शासकीय गाड़ी से बुजुर्ग को जिला अस्पताल रवाना किया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द इलाज मिल सके।
हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जवाहर लाल चौधरी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अस्पताल लाने से पहले ही रास्ते में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया था। आशंका जताई जा रही है कि अचानक आए तीव्र दिल के दौरे (हार्ट अटैक) की वजह से यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतरारोड थाना पुलिस और बुजुर्ग के परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

