पेट्रोल पंप पर खौफनाक मंजर: तेल डलवाते ही आग का गोला बनी बाइक, धू-धूकर जलने का वीडियो वायरल…NV News

Share this

NV News- छत्तीसगढ़ जगदलपुर/बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला अंतर्गत जगदलपुर के एक फ्यूल स्टेशन से बेहद डरावनी और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। बकावंड ब्लॉक के तारापुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त अचानक हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल डलवाने के तुरंत बाद ही एक मोटरसाइकिल में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पल भर में ही पूरी बाइक आग की लपटों से घिर गई और धू-धूकर जलने लगी। गनीमत रही कि आग की लपटें पेट्रोल नोजल या मुख्य टैंक तक नहीं पहुंचीं, वरना एक बहुत बड़ा और भयानक विस्फोट हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अपनी बाइक में पेट्रोल डलवाने के लिए कतार में खड़ा था। जैसे ही कर्मचारी ने पेट्रोल डाला और युवक ने गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश की, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट या इंजन की गर्मी के कारण चिंगारी निकली और पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। पेट्रोल पंप जैसे बेहद संवेदनशील स्थान पर भीषण आग लगते देख वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप के सतर्क कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए सूझबूझ दिखाई और वहां मौजूद अग्निशामक यंत्रों (Fire Extinguishers) तथा सूखी रेत की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस और दमकल विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि तेज गर्मियों के इस मौसम में पेट्रोल पंप पर गाड़ी बंद रखें और वाहनों की समय पर सर्विसिंग जरूर कराएं।

Share this

You may have missed